Welcome to AV LIVE TV   Click to listen highlighted text! Welcome to AV LIVE TV
क्राइम

अवैध खनन बना हादसे का कारण मिट्टी की ढांग भरभराकर गिरी एक युवक की मौत तीन गंभीर

गहरे गड्ढे में दबे चार मजदूर तीन गंभीर घायल ग्रामीणों में आक्रोश प्रशासन पर उठे सवाल

संभल/बहजोई। जिले के बहजोई कोतवाली क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के दौरान मंगलवार को बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। गांव किसोली और रफीपुर के बीच खेतों के पास करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में मिट्टी की ऊंची ढांग अचानक भरभराकर गिर पड़ी, जिससे वहां काम कर रहे चार मजदूर मिट्टी के नीचे दब गए। हादसे में रफीपुर निवासी बुद्ध सेन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुनील कुमार समेत तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

बताया जा रहा है कि गांव किसोली और रफीपुर के बीच खेतों के पास लंबे समय से ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए मिट्टी का खनन किया जा रहा था। मंगलवार को भी मजदूर गड्ढे में उतरकर मिट्टी निकाल रहे थे, तभी अचानक ऊपर की ढीली मिट्टी का बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर पड़ा और चारों मजदूर उसके नीचे दब गए। हादसा इतना अचानक हुआ कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तुरंत राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने फावड़े और हाथों से मिट्टी हटाकर दबे मजदूरों को बाहर निकालने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बुद्ध सेन की मौत हो चुकी थी। वहीं सुनील कुमार समेत तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

सूचना मिलने पर कोतवाली बहजोई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद अवैध खनन में शामिल कुछ लोग ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गए, जबकि ट्रॉली घटनास्थल पर ही छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने ट्रॉली को कब्जे में लेकर फरार लोगों की तलाश शुरू कर दी है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जा रहा था और कई बार इसकी शिकायत भी की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण ही इस तरह का बड़ा हादसा हुआ। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है। वहीं लोगों ने प्रशासन से अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और यदि अवैध खनन की पुष्टि होती है तो इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!