Welcome to AV LIVE TV   Click to listen highlighted text! Welcome to AV LIVE TV
उत्तर प्रदेश
Trending

थाना धनारी गेट के सामने हाईवोल्टेज ड्रामा ट्रक ने टैक्सी कार को मारी टक्कर युवक चलते ट्रक पर चढ़कर पहुंचा केबिन तक

टक्कर मारकर भाग रहे ट्रक चालक को ग्रामीणों और पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा बड़ा हादसा टला

संभल/धनारी। थाना धनारी क्षेत्र के कस्बा बस स्टैंड धनारी में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ट्रक और टैक्सी कार की टक्कर के बाद सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। आरोप है कि ट्रक चालक ने पहले एक वेगनर टैक्सी कार में जोरदार टक्कर मार दी और फिर विरोध करने पर ट्रक के सामने खड़े युवक को भी धक्का देकर मौके से भागने का प्रयास किया। हालांकि युवक की सूझबूझ और पुलिस-ग्रामीणों की तत्परता से ट्रक चालक को कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार UP-21 CN-6441 नंबर का ट्रक बहजोई की ओर से बबराला की तरफ जा रहा था। इसी दौरान थाना धनारी के मुख्य गेट के सामने बस स्टैंड के पास UP-38 BT-2865 नंबर की वेगनर टैक्सी कार से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि टैक्सी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

ट्रक रोकने की कोशिश में युवक को मारी टक्कर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद टैक्सी कार में सवार दो युवक ट्रक चालक को रोकने के लिए ट्रक के आगे खड़े हो गए। आरोप है कि इसके बावजूद चालक ने ट्रक नहीं रोका और आगे खड़े एक युवक को दोबारा टक्कर मारते हुए भागने लगा। गनीमत रही कि युवक सड़क पर नहीं गिरा। टक्कर लगने के दौरान ट्रक का बंपर उसके हाथ में आ गया, जिससे उसकी जान बच गई। यदि वह सड़क पर गिर जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

चलते ट्रक पर चढ़ गया युवक

जान की परवाह किए बिना युवक ट्रक के साथ दौड़ पड़ा और चलते ट्रक पर चढ़ गया। बताया जाता है कि उसने खिड़की के रास्ते ट्रक के केबिन में प्रवेश कर लिया और चालक को ट्रक रोकने के लिए मजबूर करने का प्रयास किया। करीब 600 मीटर तक ट्रक चलता रहा, जिसके बाद चालक ने वाहन रोका। इस दौरान सड़क पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बना रहा।

पुलिस और ग्रामीणों ने की घेराबंदी

घटना की सूचना मिलते ही थाना धनारी पुलिस सक्रिय हो गई। ग्रामीणों की मदद से ट्रक की घेराबंदी की गई और भाग रहे ट्रक को रास्ते में ही रोक लिया गया। पुलिस ट्रक, ट्रक चालक और टैक्सी कार सवारों को हिरासत में लेकर थाना धनारी ले आई।

दिल्ली जा रहे थे कार सवार

बताया जा रहा है कि टैक्सी कार में सवार युवक थाना रजपुरा क्षेत्र के शाहपुर गांव के निवासी हैं और दिल्ली जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान धनारी बस स्टैंड पर यह हादसा हो गया।

बड़ा हादसा टला, जांच में जुटी पुलिस

हालांकि इस पूरे घटनाक्रम में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन टैक्सी कार को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद थाना धनारी पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। थाना धनारी के मुख्य गेट के सामने हुई इस घटना ने कुछ देर के लिए पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। लोगों का कहना है कि युवक की सूझबूझ और समय रहते पुलिस की कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!