टूटते रिश्तों को मिला सहारा: संभल पुलिस परिवार परामर्श केंद्र में 12 मामलों की सुनवाई 1 परिवार फिर से एक हुआ
एसपी कृष्ण कुमार के निर्देशन में चंदौसी में सुलह-समझौता बैठक सम्पन्न 4 मामलों का निस्तारण

संभल/चंदौसी। जनपद सम्भल में टूटते रिश्तों को जोड़ने की दिशा में पुलिस परिवार परामर्श सुलह-समझौता केंद्र लगातार अहम भूमिका निभा रहा है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक सम्भल श्री कृष्ण कुमार के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी बहजोई डॉ. प्रदीप कुमार सिंह के निर्देशानुसार चंदौसी स्थित गौशाला रोड पिंक चौकी में परिवार परामर्श केंद्र की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन परामर्श केंद्र प्रभारी डॉ. रूकम पाल सिंह की देखरेख में किया गया, जहां पति-पत्नी के बीच उत्पन्न विवादों को सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारित करने का प्रयास किया गया। काउंसलरों की मौजूदगी में दोनों पक्षों की बातें गंभीरता से सुनी गईं और आपसी समझौते का वातावरण तैयार किया गया।
12 मामलों की सुनवाई, 4 का हुआ निस्तारण
बैठक में कुल 12 पत्रावलियों की सुनवाई की गई। इनमें से
-
4 मामलों का निस्तारण किया गया,
-
1 परिवार को आपसी सहमति से पुनः साथ रहने के लिए राजी कराया गया,
-
जबकि 3 पत्रावलियां आवेदक द्वारा बल न देने के कारण बंद कर दी गईं।
पुलिस परिवार परामर्श केंद्र का उद्देश्य न्यायालयी प्रक्रिया से पहले आपसी संवाद और समझौते के माध्यम से परिवारों को टूटने से बचाना है। इस बैठक में भी कई मामलों में सकारात्मक संवाद देखने को मिला। परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी डॉ. रूकम पाल सिंह के साथ काउंसलर श्वेता गुप्ता, संगीता भार्गव, मुख्य आरक्षी मनोहर सिंह, श्रीमती रुचि एवं सुधा रानी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने संवेदनशीलता के साथ पक्षों को समझाया और रिश्तों में संवाद कायम करने पर जोर दिया। संभल पुलिस की यह पहल न केवल कानून व्यवस्था तक सीमित है, बल्कि सामाजिक समरसता और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से कई टूटते रिश्तों को नया जीवन मिल रहा है और पति-पत्नी के बीच बढ़ती दूरियों को कम करने में सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। संभल पुलिस का यह प्रयास समाज में विश्वास और संवाद की नई मिसाल पेश कर रहा है।


