क्राइम

सम्भल में ट्रैफिक पर पुलिस का बड़ा प्रहार नियम तोड़ने वालों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई

ई-रिक्शाओं की जोनवार कोडिंग से मचा हड़कंप बाजारों और चौराहों पर चला सघन चेकिंग अभियान

संभल। जनपद में बुधवार, 11 फरवरी 2026 को उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस प्रशासन ने यातायात नियमों को लेकर अचानक सख्त रुख अपनाते हुए बड़े स्तर पर चेकिंग अभियान छेड़ दिया। श्री कृष्ण कुमार, पुलिस अधीक्षक सम्भल के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान ने नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया।

प्रमुख चौराहों पर पुलिस का घेरा ताबड़तोड़ चालान

सुबह से ही जनपद के प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने मोर्चा संभाल लिया। बिना हेलमेट दोपहिया चालक, सीट बेल्ट के बिना चारपहिया वाहन चालक, गलत दिशा में वाहन चलाने वाले तथा कागजात अधूरे पाए जाने पर दर्जनों वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। सूत्रों के अनुसार कई वाहन चालकों के चालान मौके पर ही काटे गए, जबकि कुछ वाहनों को आवश्यक दस्तावेजों की कमी के चलते सीज भी किया गया।

ई-रिक्शाओं पर विशेष फोकस जोनवार कोडिंग और नंबरिंग शुरू

इस अभियान की सबसे खास और चौंकाने वाली पहल रही ई-रिक्शाओं की जोनवार कोडिंग। शहर में अव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही ई-रिक्शाओं को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से प्रत्येक ई-रिक्शा को निर्धारित जोन के अनुसार कोड और नंबर प्रदान किए गए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना कोडिंग एवं निर्धारित जोन के बाहर संचालित होने वाली ई-रिक्शाओं पर आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी। चालकों को सख्त हिदायत दी गई कि वे यातायात नियमों का पालन करें, अन्यथा भविष्य में दंडात्मक कार्रवाई और भी कठोर होगी।

एसपी का सख्त संदेश नियम तोड़ने वालों को नहीं मिलेगी राहत

पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण कुमार ने साफ संदेश दिया कि जनपद में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ और सुरक्षित बनाना प्राथमिकता है। सड़क हादसों में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी भी है। पिछले कुछ समय से शहर में अव्यवस्थित यातायात, ई-रिक्शाओं की अनियंत्रित संख्या और नियमों की अनदेखी के कारण जाम व दुर्घटनाओं की घटनाएं बढ़ रही थीं। इसी को देखते हुए प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। पुलिस विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह के सघन चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे। विशेषकर स्कूल टाइम, बाजार बंदी और भीड़भाड़ वाले समय में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!