धनारी में हादसों की ‘काली रात
डीसीएम चालक की मौत तीन युवक गंभीर चलती ऑटो से गिरी बुजुर्ग महिला नाजुक

संभल। गुरुवार की रात धनारी थाना क्षेत्र के लिए मानो कहर बनकर आई। अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन भीषण सड़क हादसों ने पूरे इलाके को दहला दिया। कहीं डीसीएम चालक की मौके पर मौत हो गई, तो कहीं बाइक-ऑटो की टक्कर में तीन युवक जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। वहीं चलती ऑटो से गिरकर एक बुजुर्ग महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।

मानकपुर तिराहा बना मौत का मैदान
रात करीब 1:30 बजे ग्राम मानकपुर तिराहे स्थित मंदिर के पास ट्रक संख्या RJ 11 GB 3932 का बायां टायर अचानक पंचर हो गया। चालक भूदेव पुत्र हंसराम (निवासी चिलोखर, थाना इरादतनगर, आगरा) सड़क किनारे वाहन रोककर पहिये की जांच कर रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही हरिश ट्रांसपोर्ट की डीसीएम संख्या UP 15 GT 0967 ने ट्रक में भीषण टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डीसीएम चालक सन्नी (32) पुत्र भूरी सिंह, निवासी नगला कंचन, थाना खंदौली, आगरा की मौके पर ही मौत हो गई। शव केबिन में बुरी तरह फंस गया। हादसे के कुछ ही क्षण बाद पीछे से आ रही पिकअप संख्या UP 38 T 1793 भी अनियंत्रित होकर डीसीएम से टकरा गई। पिकअप में सवार मंगली को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

भागनगर में बाइक-ऑटो की भिड़ंत
उसी रात धनारी थाना क्षेत्र के भागनगर के पास विपिन, अभिषेक और जितनेश (निवासी ग्राम गढ़ा) मोटरसाइकिल से बहजोई जा रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक सामने से आ रहे ऑटो से टकरा गई। भीषण टक्कर में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें सीएचसी बहजोई पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल सम्भल रेफर कर दिया गया। ऑटो में सवार दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।

चलती ऑटो से गिरी बुजुर्ग महिला
तीसरा हादसा ग्राम उतरनपुर अजमतनगर के समीप हुआ। मालती (60) पत्नी वेदराम, निवासी धनारी बस स्टैंड, बबराला से रिश्तेदारी में दावत खाकर ऑटो से घर लौट रही थीं। बताया जा रहा है कि रास्ते में उन्हें तेज नींद का झोंका आया और वह चलती ऑटो से नीचे गिर पड़ीं। सिर के बल गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने तुरंत सीएचसी बहजोई में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए अलीगढ़ हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।

एक रात, तीन हादसे सवालों के घेरे में लापरवाही
एक ही रात में तीन-तीन हादसों ने धनारी क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार, असावधानी और यातायात नियमों की अनदेखी को इन घटनाओं की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी है। धनारी की इस भयावह रात ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सड़क पर जरा सी चूक भी जानलेवा साबित हो सकती है।
(रिपोर्ट: AV LIVE TV,)



