राज्य महिला आयोग की सदस्य अवनी सिंह 4 फरवरी को सम्भल में करेंगी जनसुनवाई
महिला उत्पीड़न के मामलों की होगी समीक्षा पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने पर रहेगा विशेष जोर

सम्भल/बहजोई | उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य अवनी सिंह का जनपद सम्भल भ्रमण कार्यक्रम मंगलवार 4 फरवरी 2026 को प्रस्तावित है। इस दौरान वे जनपद में महिलाओं से जुड़े मामलों की समीक्षा करेंगी और पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को सुनते हुए उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगी।
पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में होगी जनसुनवाई
राज्य महिला आयोग की सदस्य अवनी सिंह की अध्यक्षता में पूर्वाह्न 11:00 बजे पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस, सम्भल में जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा। जनसुनवाई के दौरान महिला उत्पीड़न की रोकथाम, लंबित मामलों की समीक्षा तथा पीड़ित महिलाओं को शीघ्र न्याय दिलाने को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
विभिन्न संस्थानों का करेंगी निरीक्षण
अपने भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत माननीय सदस्य द्वारा चिकित्सालयों, विद्यालयों, बालिका एवं महिला गृहों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण भी किया जाना प्रस्तावित है। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया जाएगा और आवश्यक सुधार के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए जाएंगे।
महिला सुरक्षा और अधिकारों पर रहेगा फोकस
जनसुनवाई एवं निरीक्षण के माध्यम से राज्य महिला आयोग का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को सुनिश्चित करना है, ताकि जनपद में महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके और पीड़ित महिलाओं को समयबद्ध न्याय मिल सके।




