मिशन शक्ति 5.0 संभल में नारी सुरक्षा और सशक्तिकरण को मिला नया आयाम
एंटी रोमियो व मिशन शक्ति टीमों ने चलाया जागरूकता अभियान महिलाओं व बालिकाओं को बताए सुरक्षा अधिकार

संभल | शनिवर को उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के अंतर्गत जनपद संभल में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के तहत मिशन शक्ति टीम में नियुक्त महिला पुलिसकर्मियों द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा से संबंधित जानकारियां दी गईं।

चौपाल के माध्यम से महिलाओं को किया गया जागरूक
अभियान के दौरान थाना क्षेत्रान्तर्गत महिला संबंधित समस्याओं के निस्तारण को लेकर चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें बालिकाओं को जागरूक करते हुए उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में वे बिना डर के पुलिस और प्रशासन से संपर्क करें। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें सशक्त और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना रहा। मिशन शक्ति 5.0” अभियान के अंतर्गत जनपद की एंटी रोमियो टीमों द्वारा प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों, कॉलेजों, धार्मिक स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष अभियान चलाया गया। महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर शासन और पुलिस विभाग द्वारा संचालित सुरक्षा एवं सशक्तिकरण योजनाओं की जानकारी दी।

हेल्पलाइन नंबरों की दी गई विस्तृत जानकारी
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को पम्पलेट वितरित कर विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों से अवगत कराया गया। इनमें प्रमुख रूप से
-
वीमेन पावर लाइन – 1090
-
पुलिस आपातकालीन सेवा – 112
-
सीएम हेल्पलाइन – 1076
-
महिला हेल्पलाइन – 181
-
स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन – 102
-
एम्बुलेंस सेवा – 108
-
साइबर क्राइम हेल्पलाइन – 1930
इसके साथ ही मोबाइल में पैनिक बटन और इमरजेंसी कॉल से संबंधित जानकारी का डेमो भी दिया गया। थाना चन्दौसी परिसर में SPEL 3.0 कार्यक्रम के अंतर्गत साइबर अपराध से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें SPEL 3.0 में आवेदन करने वाले बच्चों को साइबर अपराध के खतरों, ऑनलाइन सुरक्षा और डिजिटल सतर्कता के विषय में जानकारी दी गई। पुलिस प्रशासन ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें। मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं को भयमुक्त वातावरण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है।





