कल्कि देव तीर्थ के विकास को लेकर प्रशासन सक्रिय, कलक्ट्रेट में पर्यटन विभाग व तीर्थ समिति की अहम बैठक
24 कोसीय परिक्रमा, भूमि अधिग्रहण और परिक्रमा मार्ग के सत्यापन पर फोकस, बीएंडबी व होमस्टे नीति के प्रचार के निर्देश

सम्भल बहजोई। आज कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में सम्भल कल्कि देव तीर्थ समिति एवं पर्यटन विभाग की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कल्कि देव तीर्थ सहित जनपद के प्राचीन तीर्थों के विकास, 24 कोसीय परिक्रमा, भूमि अधिग्रहण एवं सड़क निर्माण कार्यों से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गई।
खबर विस्तार:
बैठक में उप जिलाधिकारी सम्भल रामानुज द्वारा भूमि अधिग्रहण, सड़क निर्माण कार्यों के प्रस्ताव एवं तीर्थ स्थलों की खोज से संबंधित बिंदुओं की जानकारी अपर जिलाधिकारी प्रदीप वर्मा को दी गई। इस पर अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी प्रस्तावों पर शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अपर जिलाधिकारी प्रदीप वर्मा ने बताया कि 24 कोसीय परिक्रमा से संबंधित प्रस्ताव शासन को प्रेषित कर दिए गए हैं। साथ ही तीर्थ स्थलों के विकास हेतु भी प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं, जिससे सम्भल तीर्थ क्षेत्र का समग्र विकास संभव हो सके। उन्होंने कहा कि परिक्रमा मार्ग का निर्माण भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाएगा।

जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने निर्देशित किया कि जनपद के समस्त तीर्थ स्थलों का भौतिक सत्यापन कराया जाए तथा परिक्रमा मार्ग का भी विधिवत सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने समिति के सदस्यों द्वारा प्रस्तुत किए गए सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए।बैठक में उत्तर प्रदेश बेड एंड ब्रेकफास्ट (बी एंड बी) एवं होमस्टे नीति 2025 पर भी चर्चा हुई। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं समिति सदस्यों से कहा कि इस नीति का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे तीर्थ एवं पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिल सके और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर प्राप्त हों।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रदीप वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, उप जिलाधिकारी सम्भल रामानुज, प्राचीन तीर्थ क्षेमनाथ के महंत बाल योगी दीनानाथ जी महाराज, अनंतपुरी महाराज जी (अट्टा अतौरा), महाराज ऋषि राज गिरी (कैला देवी धाम), संजय पोली सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

ब्यूरो रिपोर्ट: कपिल वार्ष्णेय
AV LIVE TV – दम है सच दिखाने का




