सम्भल में आग का तांडव: हाईटेंशन लाइन से टकराया डंपर धूं-धूं कर जला ट्रक
करंट लगते ही भड़की आग चालक ने कूदकर बचाई जान

सम्भल। जनपद में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पीडब्ल्यूडी की सड़क निर्माण सामग्री लेकर आ रहे एक डंपर ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। चंद मिनटों में ही ट्रक आग की लपटों में घिर गया और धूं-धूं कर जलने लगा जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पत्थर उतारते समय डंपर का पिछला हिस्सा प्रेशर के कारण अचानक ऊपर उठ गया। इसी दौरान डंपर ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया। बिजली लाइन से संपर्क होते ही तेज चिंगारी निकली और ट्रक में आग भड़क उठी। आग लगते ही मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

यह घटना सोमवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। मामला थाना बनियाठेर क्षेत्र के अंतर्गत कस्बा नरौली पुलिस चौकी के पास, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और नगर पंचायत कार्यालय के समीप का है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने पीडब्ल्यूडी के अंतर्गत चल रहे सड़क निर्माण कार्य में लापरवाही के आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि हाईटेंशन लाइन के नीचे भारी वाहनों से निर्माण सामग्री उतारना खतरे को दावत देना है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। आग से डंपर को भारी नुकसान पहुंचा है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट मोहम्मद इरफान




