दिल्ली में मजदूर की रहस्यमयी मौत से सनसनी: पत्नी पर हत्या का शक अंतिम संस्कार के बाद मायके वालों संग हुई फरार
तीन मंजिला इमारत से गिरा या रची गई खौफनाक साजिश? शव पर चोटों के निशान देख भड़का परिवार


संभल/धनारी। दिल्ली से आई एक रहस्यमयी मौत की खबर ने संभल के धनारी क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। थाना धनारी क्षेत्र के गांव जयरामनगर निवासी 45 वर्षीय मजदूर राकेश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह तीन मंजिला मकान से नीचे गिरा मिला, लेकिन शरीर पर मिले चोटों के निशान और पत्नी के बदलते बयान अब इस मौत को हादसे से ज्यादा साजिश की तरफ इशारा कर रहे हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि अंतिम संस्कार के कुछ ही देर बाद मृतक की पत्नी अपने मायके पक्ष के लोगों के साथ अचानक घर छोड़कर चली गई। इस घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और परिवार ने सीधे तौर पर हत्या की आशंका जताई है।
दिल्ली में हुई मौत, गांव में मचा मातम

जानकारी के अनुसार जयरामनगर निवासी राकेश पिछले करीब तीन वर्षों से फरीदाबाद के लक्कड़पुर इलाके में परिवार के साथ रहकर मजदूरी करते थे। इससे पहले वह दिल्ली के खानपुर इलाके में कई वर्षों तक मजदूरी कर चुके थे। बताया गया कि शनिवार देर रात अचानक सूचना मिली कि राकेश तीन मंजिला मकान से नीचे गिर गए हैं। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
पत्नी के बदलते बयान ने बढ़ाया रहस्य

मामले में मृतक की पत्नी सुषमा के बयान सबसे ज्यादा सवाल खड़े कर रहे हैं। परिजनों के मुताबिक पत्नी बार-बार अलग-अलग बातें बता रही थी। कभी उसने कहा कि वह नीचे कमरे में सो रही थी, तो कभी बताया कि उसने राकेश को छत की ओर जाते देखा था। पत्नी ने यह भी कहा कि राकेश शराब पीने के आदी थे और घटना वाली रात भी शराब के नशे में घर आए थे, जिसको लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। परिवार का आरोप है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और आए दिन झगड़े होते रहते थे।
पोस्टमार्टम नहीं होने पर उठे सवाल
परिजनों का आरोप है कि दिल्ली में राकेश के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। जब शव गांव लाया गया और अंतिम संस्कार की तैयारी हो रही थी, तभी परिवार वालों ने शरीर पर कई जगह चोटों के निशान देखे। इसके बाद परिवार का शक और गहरा गया कि राकेश की मौत सिर्फ गिरने से नहीं हुई, बल्कि उसके साथ मारपीट भी की गई हो सकती है।
अंतिम संस्कार के बाद पत्नी का गायब होना बना बड़ा सवाल

गांव वालों के मुताबिक अंतिम संस्कार के बाद जब लोग श्मशान घाट से लौटे तो पता चला कि मृतक की पत्नी सुषमा अपने मायके पक्ष के लोगों के साथ अचानक घर छोड़कर चली गई। इस घटना ने पूरे मामले को और रहस्यमयी बना दिया। ग्रामीणों में चर्चा है कि अगर मामला सामान्य था तो पत्नी अचानक क्यों चली गईl
बेटे के शव से लिपटकर बिलखती रही मां

जब राकेश का शव गांव पहुंचा तो माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। बूढ़ी मां अपने बेटे के शव से लिपटकर फूट-फूटकर रोती रही। मां बार-बार कहती रही “मेरा बेटा उठ जा… मुझे छोड़कर मत जा…”
मां की चीखें सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
परिवार बोला “हमें इंसाफ चाहिए” मृतक के परिजनों ने पत्नी पर हत्या कराने और मारपीट कराने का गंभीर आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि वह पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई करेगा और निष्पक्ष जांच की मांग करेगा। फिलहाल गांव जयरामनगर में इस रहस्यमयी मौत को लेकर सनसनी फैली हुई है और हर कोई यही जानना चाहता है कि आखिर राकेश की मौत हादसा थी या फिर किसी खौफनाक साजिश का हिस्सा।



