Welcome to AV LIVE TV   Click to listen highlighted text! Welcome to AV LIVE TV
लोकल न्यूज़

मुरादाबाद जिला अस्पताल में हंगामा

डॉक्टर पर अभद्रता और इलाज में लापरवाही का आरोप डीएम से शिकायत

मरीज के परिजनों ने उठाए गंभीर सवाल, जांच कर कार्रवाई की मांग

मुरादाबाद। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में एक डॉक्टर पर मरीज के परिजनों से अभद्र व्यवहार करने और इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

पीड़ित पक्ष के अनुसार काशीराम कॉलोनी निवासी एक महिला अपनी बीमार वृद्ध मां को 5 मार्च को अपने भाई के साथ जिला अस्पताल लेकर पहुंची थीं, जहां मरीज को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। परिजनों का आरोप है कि बिना पूरी जांच किए ही मरीज को ब्रेन हेमरेज बताकर मेरठ रेफर करने का दबाव बनाया गया। बताया गया कि मरीज का ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजा गया, लेकिन रिपोर्ट में जो बीमारी सामने आई उसका इलाज भी नहीं किया गया। इतना ही नहीं, परिजनों के मुताबिक सीटी स्कैन कराने की मांग करने पर भी डॉक्टरों द्वारा आनाकानी की गई।

परिजनों का यह भी आरोप है कि मरीज की गंभीर हालत के बावजूद बार-बार बेड बदलने का दबाव बनाया गया। इसी दौरान मरीज का हाल जानने पहुंचे प्रेस संपादक एवं पत्रकार क्लब फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह ने डॉक्टर से मरीज की स्थिति को देखते हुए बेड न बदलने का अनुरोध किया। आरोप है कि इस बात पर डॉक्टर मनोज यादव ने कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिससे परिजन आहत हो गए।

मामले को लेकर पीड़ित पक्ष ने जिलाधिकारी को शिकायत देकर न्याय की मांग की है। उनका कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाएं तो संबंधित डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं इस घटना के बाद जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं और डॉक्टरों के व्यवहार को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!