Welcome to AV LIVE TV   Click to listen highlighted text! Welcome to AV LIVE TV
लोकल न्यूज़

चन्दौसी में पागल कुत्ते का कहर: 14 लोगों पर हमला महिला गंभीर

पूरे दिन नगर में मचा रहा आतंक घंटों की मशक्कत के बाद मां एनिमल्स टीम ने किया रेस्क्यू लोगों में दहशत आवारा कुत्तों पर कार्रवाई की मांग

संभल चन्दौसी। नगर में सोमवार को एक पागल कुत्ते के आतंक ने पूरे शहर में दहशत फैला दी। सुबह से लेकर शाम करीब 7 बजे तक कुत्ता अलग-अलग मोहल्लों में घूमता रहा और राह चलते लोगों पर हमला करता रहा। अचानक हुए हमलों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। इस दौरान कुत्ते ने करीब 14 लोगों को काटकर घायल कर दिया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुत्ता बेहद आक्रामक हो चुका था और जो भी उसके सामने आ रहा था, उस पर झपट पड़ रहा था। इसी दौरान एक महिला को कुत्ते ने बुरी तरह काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने तुरंत महिला को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं अन्य घायलों को भी एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाने की सलाह दी गई है। घटना की सूचना मिलते ही मां एनिमल्स टीम सक्रिय हो गई और पागल कुत्ते को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया गया। टीम के सदस्यों ने नगर के कई मोहल्लों में तलाश अभियान चलाया। बताया जा रहा है कि कुत्ता लगातार जगह बदल रहा था और लोगों पर हमला कर रहा था, जिसके कारण उसे पकड़ना काफी चुनौतीपूर्ण हो गया था। काफी देर तक पीछा करने और प्रयास करने के बाद आखिरकार टीम ने कई घंटों की मशक्कत के बाद कुत्ते को पकड़कर सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। इस घटना के बाद आसपास के मोहल्लों में लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है और कई स्थानों पर कुत्तों के झुंड खुलेआम घूमते रहते हैं, जिससे आए दिन लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।

वहीं मां एनिमल्स टीम के सदस्यों ने भी नगर पालिका से अपील की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने और उनके टीकाकरण की नियमित व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल कुत्ते के रेस्क्यू के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है, लेकिन इस घटना ने नगर में आवारा कुत्तों की समस्या को एक बार फिर उजागर कर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!