स्वास्थ्य को लेकर बड़ी चेतावनी: बिना डॉक्टर की सलाह एंटीबायोटिक लेना बन सकता है जानलेवा
स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में सीएमसी-2 हरविंदर सिंह ने दिए अहम सुझाव कहा– जागरूकता ही बेहतर जीवन की कुंजी

संभल चंदौसी। नगर के लक्ष्मण गंज क्षेत्र में आयोजित स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का सशक्त संदेश दिया गया। कार्यक्रम में सीएमसी-2 हरविंदर सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी बीमारी की स्थिति में केवल योग्य एवं पंजीकृत चिकित्सक से ही उपचार कराना चाहिए और बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन करना गंभीर खतरे को न्योता दे सकता है।

अनियंत्रित एंटीबायोटिक सेवन से कमजोर होती है रोग प्रतिरोधक क्षमता
सीएमसी-2 हरविंदर सिंह ने कहा कि आजकल लोग मामूली बीमारी में भी स्वयं दवा लेना शुरू कर देते हैं, जो अत्यंत घातक साबित हो सकता है। विशेष रूप से एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक और गलत उपयोग शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर कर देता है, जिससे भविष्य में गंभीर और जटिल बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

घरेलू उपाय स्वच्छता और संतुलित आहार पर दिया जोर
उन्होंने आमजन से अपील की कि छोटी-मोटी बीमारियों में पहले घरेलू उपचार, संतुलित भोजन, स्वच्छता और आवश्यक परहेज को अपनाएं। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श अवश्य लें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए केवल दवाइयों पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं, बल्कि जीवनशैली में सुधार अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में बताया गया कि नियमित दिनचर्या, साफ-सफाई, पौष्टिक भोजन और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच स्वस्थ जीवन की नींव हैं। सही जानकारी और जागरूकता के माध्यम से ही गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। इस अवसर पर एम. ए. राना, मोहम्मद इरफान, सलमान, शहनाज, सहाना, रिजवाना इरफान, अफसाना अब्बास, मोहम्मद आज़ाद सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने इस स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता जताई।
संवाददाता:
मोहम्मद इरफान
संभल उत्तर प्रदेश




