Welcome to AV LIVE TV   Click to listen highlighted text! Welcome to AV LIVE TV
क्राइम

संभल पुलिस और युवाओं के बीच बना मजबूत संवाद का सेतु

पुलिस लाइन बहजोई में अपर पुलिस महानिदेशक की मौजूदगी में हुआ ऐतिहासिक समीक्षा कार्यक्रम 67 छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद

संभल। जनपद सम्भल में पुलिस और युवाओं के बीच विश्वास, अनुशासन और सामाजिक सहभागिता को नई दिशा देने वाले छात्र पुलिस अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम (एसपीईएल-3.0) की मंगलवार को पुलिस लाइन बहजोई स्थित सभागार में भव्य एवं उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस महानिदेशक (नियम एवं ग्रंथ), लखनऊ श्री एल.वी. एन्टनी देव कुमार ने की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सम्भल श्री कृष्ण कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की प्रगति से संतुष्ट हुए अपर पुलिस महानिदेशक संभल पुलिस की खुलकर की सराहना

बैठक में जनपद के समस्त थाना प्रभारी, थानों के नामित पुलिस अधिकारी, विभिन्न महाविद्यालयों के नामित अधिकारी तथा 67 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन जनपद स्तर के नामित अधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी बहजोई डॉ. प्रदीप कुमार सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने एसपीईएल प्रथम चरण, द्वितीय चरण और तृतीय चरण की अब तक की प्रगति पर आधारित विस्तृत प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अपर पुलिस महानिदेशक को अवगत कराया। प्रस्तुतीकरण से प्रभावित होकर अपर पुलिस महानिदेशक ने जनपद सम्भल में एसपीईएल-3.0 कार्यक्रम की कार्यप्रणाली पर पूर्ण संतोष व्यक्त किया और जनपद पुलिस की प्रशंसा की। कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक ने उपस्थित छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद स्थापित किया। छात्रों द्वारा बीट पुलिसिंग, थाना कार्यालय का कार्य, थाने की कार्यप्रणाली, पुलिस विभाग की संरचना तथा आरक्षी एवं उपनिरीक्षक पदों पर भर्ती प्रक्रिया की जानकारी साझा की गई।

अनुशासन से लेकर साइबर सुरक्षा तक पुलिसिंग की बुनियादी जानकारी दी गई

अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा छात्र-छात्राओं को पुलिस व्यवस्था की बुनियादी जानकारी प्रदान की गई, जिसमें अनुशासन, ड्रिल, परेड, कानून एवं व्यवस्था की समझ, यातायात प्रबंधन, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता अभियान, थाना एवं नियंत्रण कक्ष का भ्रमण शामिल रहा। उन्होंने कहा कि एसपीईएल-3.0 वर्तमान में अनुभवात्मक शिक्षण और सामाजिक सेवा चरण पर केंद्रित है, जिससे छात्र वास्तविक पुलिसिंग को निकट से समझ सकें। अपर पुलिस महानिदेशक ने कहा कि एसपीईएल-3.0 केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि ऐसा सशक्त माध्यम है, जो भविष्य के नागरिकों में अनुशासन, जिम्मेदारी और समाज सेवा की भावना विकसित करता है। यह कार्यक्रम पुलिस और युवाओं के बीच सहयोग को बढ़ाकर सुरक्षित, सशक्त और जागरूक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

जनपद के 7 थानों और 7 महाविद्यालयों के छात्र कार्यक्रम से जुड़े

एसपीईएल-3.0 कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद सम्भल के चंदौसी, बनियाठेर, हयातनगर, हजरतनगर गढ़ी, सम्भल एवं गुन्नौर सहित सात थानों से जुड़े सात महाविद्यालयों— एस.एम. महाविद्यालय चंदौसी, एन.के.बी.एम.जी. महाविद्यालय सम्भल, मॉडल शिक्षा महाविद्यालय चंदौसी, कुंवर कंचन महाविद्यालय नरौली, बहजोई महाविद्यालय बहजोई, एम.जी.एम. महाविद्यालय सम्भल एवं बी.आर.एस.बी.एस. महाविद्यालय बबराला के छात्र-छात्राओं को नामित किया गया है।

अनुभव से शिक्षा और समाज से जुड़ाव है कार्यक्रम का उद्देश्य

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के सहयोग से संचालित एसपीईएल कार्यक्रम का उद्देश्य स्नातक स्तर के छात्र-छात्राओं को तीस दिवसीय अनुभवात्मक शिक्षण प्रदान करना है। इससे विद्यार्थियों के सोचने, समझने और सामाजिक संवाद कौशल में वृद्धि होती है तथा वे कानून, आपराधिक प्रक्रिया, साइबर अपराध, मानव तस्करी और कानून व्यवस्था जैसे विषयों की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त करते हैं।

पुलिस को मिलेंगे युवा सहयोगी, समाज को मिलेगी सकारात्मक छवि

एसपीईएल कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस विभाग को ऐसे युवा सहयोगी मिलते हैं, जो भविष्य में पुलिस के प्रतिनिधि बनकर समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचा सकते हैं। यह कार्यक्रम पुलिस की छवि को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को पुलिस सेवा के प्रति प्रेरित भी करता है। कार्यक्रम में जनपदीय राष्ट्रीय सेवा योजना के नामित अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार, जनपदीय पुलिस के सहायक नामित अधिकारी, समस्त थाना प्रभारी, थानों पर एसपीईएल-3.0 के नामित अधिकारी, महाविद्यालय प्रतिनिधि तथा पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!