कलक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित
जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में ऑपरेशन कायाकल्प व शैक्षिक योजनाओं की हुई गहन समीक्षा

सम्भल। आज कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक डीटीएफ का आयोजन किया गया। बैठक में जनपद में संचालित शैक्षिक योजनाओं, ऑपरेशन कायाकल्प तथा विद्यालयों के आधारभूत ढांचे की विस्तृत समीक्षा की गई।

ऑपरेशन कायाकल्प के कार्यों की समीक्षा
बैठक के दौरान ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत विद्यालयों में रैम्प, रसोईघर, बालक-बालिका मूत्रालय, दिव्यांगजन शौचालय एवं बाल मैत्रिक शौचालय से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए।

हाईटेंशन लाइन व अधोसंरचना पर सख्त निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सम्पूर्णता अभियान के अंतर्गत शौचालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों के इन्फ्रास्ट्रक्चर तथा परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइनों को लेकर समीक्षा की गई। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यदि 18 फरवरी तक समस्या का निस्तारण नहीं होता, तो विद्युत विभाग के समस्त अधिशासी अभियंता जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में उपस्थित रहेंगे। साथ ही अधीक्षण अभियंता सहित सभी अधिशासी अभियंता प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। बैठक में बच्चों की उपस्थिति, निपुण एसेसमेंट, सपोर्टिव सुपरविजन, आरटीई, रिमेडियल क्लास, स्मार्ट क्लास, अपार आईडी, पीएम श्री विद्यालयों में आरओ वाटर एवं सोलर पैनल की उपलब्धता पर चर्चा की गई। अपार आईडी को लेकर विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

डैमप्रूफिंग में लापरवाही पर नोटिस
विद्यालयों की छतों की डैमप्रूफिंग को लेकर जानकारी प्राप्त की गई। ग्राम खेरिया रुद्र के विद्यालय में डैमप्रूफिंग की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर बेसिक शिक्षा विभाग के जिला समन्वयक (सिविल) सचिन सक्सेना, संबंधित ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

आंगनबाड़ी निर्माण में देरी पर वेतन रोकने के आदेश
बैठक में पीएम श्री विद्यालयों के साइनबोर्ड, खगोलीय प्रयोगशाला तथा निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों की विकासखंडवार समीक्षा की गई। वर्ष 2024-25 के आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण प्रारंभ न किए जाने पर खंड विकास अधिकारी एवं एडीओ पंचायत बहजोई व बनिया खेड़ा का वेतन रोकने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी द्वारा दिए गए। बैठक में डीपीओ आईसीडीएस एवं डॉ. विश्वास अग्रवाल द्वारा अपने-अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी उपस्थित ग्राम प्रधानों को दी गई। इसके साथ ही पीएम एक्सीलेंस अवार्ड को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी चेतेन्द्र पाल सिंह, खंड विकास अधिकारी गुन्नौर कमलकांत, रजपुरा डॉ. आदेश कुमार, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, पीएम श्री विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, ग्राम प्रधान एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




