Welcome to AV LIVE TV   Click to listen highlighted text! Welcome to AV LIVE TV
टेक्नोलॉजी

राजकीय पॉलिटेक्निक चंदौसी के छात्रों का वीनस शुगर मिल में औद्योगिक भ्रमण चीनी उत्पादन की बारीकियों से हुआ रूबरू

केमिकल इंजीनियरिंग के छात्रों ने देखा गन्ने से चीनी बनने तक का सफर उद्योग–शिक्षा समन्वय पर दिया गया जोर

चंदौसी। तकनीकी शिक्षा को व्यवहारिक अनुभव से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत राजकीय पॉलिटेक्निक चंदौसी, जनपद सम्भल के केमिकल इंजीनियरिंग विभाग के अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं का वीनस शुगर मिल, बहजोई में शैक्षणिक औद्योगिक भ्रमण कराया गया। यह भ्रमण मंगलवार, 10 फरवरी 2025 को आयोजित हुआ, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग में प्रयुक्त आधुनिक तकनीकों, उत्पादन प्रक्रिया और वास्तविक औद्योगिक कार्य वातावरण से परिचित कराना रहा।

उद्योग की कार्यप्रणाली को समझने का मिला व्यावहारिक अवसर

औद्योगिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने शुगर मिल में गन्ने की प्रोसेसिंग से लेकर चीनी उत्पादन तक की संपूर्ण प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से देखा। इस दौरान वीनस शुगर मिल के वरिष्ठ महाप्रबंधक (उत्पादन) बी.पी. सिंह ने विद्यार्थियों को चीनी निर्माण की विभिन्न अवस्थाओं, उत्पादन नियंत्रण प्रणाली और गुणवत्ता प्रबंधन के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुगर उद्योग में केमिकल इंजीनियरिंग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और इस क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। भ्रमण के दौरान शुगर मिल के सुरक्षा अधिकारी दिवाकर सिंह ने विद्यार्थियों को औद्योगिक सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने मशीनों के सुरक्षित संचालन, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (PPE) के प्रयोग, कार्यस्थल पर बरती जाने वाली सावधानियों और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। छात्रों को बताया गया कि किसी भी उद्योग में सुरक्षा नियमों का पालन सर्वोपरि होता है।

इस अवसर पर वीनस शुगर मिल के उपाध्यक्ष वाई.पी. सिंह एवं मुख्य वित्त अधिकारी (CFO) सचिन गुप्ता ने विद्यार्थियों को उद्योग में करियर की संभावनाओं, अनुशासन, टीम वर्क और सकारात्मक सोच के महत्व पर प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक समझ और कार्य संस्कृति सफलता की कुंजी है। कार्यक्रम में वीनस शुगर मिल के विनोद यादव मैनेजर – HR, विकास यादव मैनेजर – QC एवं जतिन गौतम PA to CEO भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर दिए और उद्योग से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। संस्थान की ओर से केमिकल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष वर्षी गंगवार, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी सचिन कुमार, लेक्चरर केमिस्ट्री दिनेश कुमार सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के तकनीकी ज्ञान को मजबूत करते हैं और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। औद्योगिक भ्रमण के दौरान छात्रों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने कहा कि इस भ्रमण से उन्हें पाठ्यक्रम में पढ़ी गई तकनीकों को वास्तविक रूप में समझने का अवसर मिला, जो उनके करियर निर्माण में अत्यंत सहायक सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!