संभल पुलिस की बड़ी कार्रवाई 900 ग्राम चरस के साथ तीन नशा तस्कर गिरफ्तार बाइक व नकदी बरामद
रायसत्ती थाना पुलिस ने गश्त के दौरान पकड़े तस्कर एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर भेजे गए जेल

संभल। जनपद संभल में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी क्रम में थाना रायसत्ती पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 900 ग्राम चरस के साथ तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करों के कब्जे से 2900 रुपये नकद और एक प्लेटिना मोटरसाइकिल भी बरामद की है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संभल कृष्ण कुमार विश्नोई के निर्देश पर की गई। अभियान को अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह और क्षेत्राधिकारी असमोली कुलदीप कुमार के पर्यवेक्षण में अंजाम दिया गया। थानाध्यक्ष रायसत्ती के नेतृत्व में पुलिस टीम 08 फरवरी 2026 को गश्त पर थी, तभी संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने त्यामी स्थित HIP पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर पहले चकरोड़ पर तालाब के पास से तीनों अभियुक्तों को घेराबंदी कर दबोच लिया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान वसीम पुत्र नजारूल, बाबू उर्फ मुस्तकीम पुत्र अल्लादिया और मारूफ पुत्र बाबू, निवासी नाहरठेर, थाना रायसत्ती के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 900 ग्राम अवैध चरस, 2900 रुपये नकद और एक प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को आशंका है कि आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में नशे की सप्लाई में लिप्त थे और युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने का काम कर रहे थे। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के खिलाफ मु0अ0सं0 08/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। रायसत्ती पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।




