Welcome to AV LIVE TV   Click to listen highlighted text! Welcome to AV LIVE TV
लोकल न्यूज़

व्यापारियों का बड़ा आंदोलनात्मक कदम समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम कैबिनेट मंत्री को सौंपा ज्ञापन

नोटिसराज भ्रष्टाचार और उत्पीड़न का आरोप छापों पर रोक व सुरक्षा की उठी जोरदार मांग

सम्भल चन्दौसी। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय आह्वान पर सोमवार को चन्दौसी में व्यापारियों ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की। व्यापारियों ने अपनी गंभीर और लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के नाम एक विस्तृत ज्ञापन राज्य सरकार की कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र प्रभार माननीय गुलाब देवी को सौंपा। इस दौरान व्यापारियों ने प्रशासनिक उत्पीड़न, अनावश्यक नोटिसों और भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा रोष जताया।

ज्ञापन में व्यापार मंडल ने आरोप लगाया कि गृह कर और जलकर के नाम पर व्यापारियों को बिना आधार के नोटिस भेजे जा रहे हैं। इससे न सिर्फ भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि व्यापारी वर्ग मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हो रहा है। व्यापारियों ने मांग की कि पूरी पारदर्शिता के साथ केवल वास्तविक गृह कर और वास्तविक जल उपयोग के आधार पर ही बिल जारी किए जाएं। व्यापार मंडल ने जीएसटी विभाग पर भी गंभीर आरोप लगाए। ज्ञापन में कहा गया कि व्यापारियों को बार-बार अनावश्यक और भ्रमित करने वाले नोटिस भेजे जा रहे हैं, जिनकी कोई ठोस जरूरत नहीं है। व्यापारियों ने सरकार से मांग की कि जीएसटी विभाग को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर इस तरह की कार्यवाही पर रोक लगाई जाए। ज्ञापन का एक अहम बिंदु बाजारों में होने वाली छापेमारी, सैंपलिंग और सर्वे से जुड़ा रहा। व्यापार मंडल ने कहा कि आज भी कुछ अधिकारी अंग्रेजी शासनकाल की मानसिकता से व्यापारियों को बेईमान और मिलावटखोर मानते हैं। आरोप लगाया गया कि कुछ भ्रष्ट अधिकारी और कर्मचारी छापों और सैंपलिंग के नाम पर अवैध कमाई कर रहे हैं।

मांगें स्पष्ट

  • बिना जिलाधिकारी की अनुमति किसी भी दुकान पर छापा न पड़े

  • व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य हो

  • मनमानी कार्रवाई पर सख्त रोक लगे

सर्राफा व्यापारियों की सुरक्षा पर जोर

व्यापार मंडल ने सर्राफा व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस दिए जाने की मांग रखी। साथ ही व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की सभी जनपदों में नियमित मासिक बैठक आयोजित कराने और उन्हें प्रभावी बनाने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि व्यापार एवं उद्योग बंधु की बैठकें सिर्फ औपचारिक बनकर रह गई हैं। व्यापारियों ने मांग की कि इन बैठकों को गुणवत्तापरक बनाया जाए और समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। व्यापार मंडल ने यह भी मांग रखी कि भारतीय नववर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा, जो इस वर्ष 19 मार्च को पड़ रहा है, उसे पूरे प्रदेश में भव्य रूप से मनाने के लिए प्रशासन द्वारा पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रमुख रूप से युवा जिला अध्यक्ष सागर गुप्ता, युवा प्रदेश उपाध्यक्ष शाह आलम मंसूरी, जिला अध्यक्ष प्रेम ग्रोवर, राजीव शर्मा, मोहित सक्सेना, अंकुर अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, सचिन शर्मा, अविनाश रस्तोगी, अनिल गुप्ता, चुनमुन अग्रवाल, सोनू शर्मा, मोहित अग्रवाल, दीपक सैनी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। व्यापार मंडल ने स्पष्ट संकेत दिए कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो व्यापारी वर्ग आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होगा। यह ज्ञापन व्यापारियों की एकजुटता और सरकार से सीधे संवाद का बड़ा संदेश माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!