उत्तर प्रदेश में 2 लाख शहरी परिवारों को 2000 करोड़ की ऐतिहासिक सौगात
सम्भल जनपद में 2186 लाभार्थियों के खातों में 21.86 करोड़ की पहली किस्त

मुख्यमंत्री योगी का संकल्प हर पात्र को पक्का घर सम्मान के साथ जीवन
सम्भल। उत्तर प्रदेश में शहरी गरीबों के जीवन में ऐतिहासिक परिवर्तन की दिशा में रविवार को एक निर्णायक अध्याय जुड़ गया। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के अंतर्गत प्रदेश सरकार ने एक साथ 2 लाख पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे 2000 करोड़ रुपये की अनुदान राशि अंतरित कर दी। यह कदम न केवल आर्थिक सहायता का प्रतीक है, बल्कि पारदर्शी शासन, सुशासन और सामाजिक न्याय की मजबूत मिसाल भी है। इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर में किया गया, जिसका सजीव प्रसारण रविवार को जनपद सम्भल के कलेक्ट्रेट सभागार में देखा गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, नगर निकाय प्रतिनिधियों और लाभार्थियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

सम्भल को 21.86 करोड़ की बड़ी सौगात
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की उपस्थिति में जनपद सम्भल के 2186 पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रथम किस्त के रूप में प्रति लाभार्थी 1 लाख रुपये की धनराशि सीधे ट्रांसफर की गई। इस प्रकार सम्भल जनपद को कुल 21 करोड़ 86 लाख रुपये की अनुदान राशि प्राप्त हुई। धनराशि मिलते ही लाभार्थियों के चेहरों पर राहत और खुशी साफ दिखाई दी, वर्षों से पक्के मकान का सपना अब साकार होता नजर आया।

मकान नहीं, सुरक्षित भविष्य दे रही सरकार – जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 केंद्र व राज्य सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी और जनकल्याणकारी योजनाओं में से एक है। यह योजना केवल दीवारें और छत देने तक सीमित नहीं है, बल्कि गरीब परिवारों को सुरक्षित, सम्मानजनक और स्थायी जीवन प्रदान करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्पष्ट और दृढ़ संकल्प है कि उत्तर प्रदेश में कोई भी पात्र व्यक्ति बिना आवास के न रहे। इसी संकल्प के तहत सरकार शहरी क्षेत्रों में रहने वाले मजदूरों, छोटे दुकानदारों, रिक्शा चालकों, श्रमिकों और निम्न आय वर्ग के परिवारों को उनका स्वयं का पक्का घर देने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।


तीन किस्तों में मिलेगा पूरा आवास अनुदान
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के अंतर्गत लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए कुल तीन किस्तों में धनराशि दी जाएगी। पहली किस्त मिलने के बाद लाभार्थी अपने घर के निर्माण कार्य की शुरुआत कर सकते हैं। निर्माण की प्रगति के अनुसार अगली किस्तें जारी की जाएंगी, जिससे गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि वे प्राप्त धनराशि का सदुपयोग करें और तय मानकों के अनुरूप अपने मकान का निर्माण कराएं। प्रशासन द्वारा समय-समय पर निर्माण कार्य की निगरानी भी की जाएगी।

लाभार्थियों को मिले प्रमाण पत्र, दिखी खुशी
कार्यक्रम के दौरान प्रथम किस्त प्राप्त करने वाले लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। लाभार्थियों ने सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से किराए या कच्चे मकानों में जीवन बिताने के बाद अब उन्हें अपने पक्के घर का सपना साकार होता दिखाई दे रहा है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रदीप वर्मा, डिप्टी कलेक्टर/परियोजना अधिकारी डूडा निधि पटेल, नगर पालिका परिषद बहजोई के अध्यक्ष राजेश शंकर राजू, नगर पंचायत बबराला के अध्यक्ष हर्षवर्धन, नगर पंचायत गवां के अध्यक्ष सर्वेश दिवाकर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सम्भल डॉ. मणिभूषण तिवारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका चंदौसी धर्मराज राम, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत बबराला अमरेश तिवारी, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत गवां श्वेतांक सारस्वत सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।

शहरी गरीबों के लिए मजबूत आधार
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के माध्यम से सरकार शहरी गरीबों को न केवल आवास दे रही है, बल्कि उन्हें सामाजिक सुरक्षा, स्थायित्व और सम्मान का अधिकार भी प्रदान कर रही है। सम्भल सहित पूरे प्रदेश में यह योजना हजारों परिवारों के जीवन में स्थायी बदलाव लाने वाली साबित हो रही है।





