17 लाख के चावल की धोखाधड़ी का बड़ा खुलासा
ट्रांसपोर्ट के नाम पर खेला गया लूट का खेल
10.30 लाख नकद बरामद दो सगे भाई गिरफ्तार ट्रक के टुकड़े कर छिपाए तीसरा आरोपी फरार
संभल। जनपद सम्भल में ट्रांसपोर्ट के नाम पर व्यापारी से लाखों की धोखाधड़ी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चावल से भरा ट्रक गायब कर माल बेचने वाले दो सगे भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से 10 लाख 30 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं, जबकि ट्रक को खुर्द-बुर्द कर उसके हिस्से अलग-अलग जगह छिपाए गए थे। इस पूरे मामले में शामिल तीसरा आरोपी अभी फरार है। यह बड़ी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सम्भल कृष्ण कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अनुकृति शर्मा एवं क्षेत्राधिकारी बहजोई डॉ. प्रदीप कुमार के नेतृत्व में थाना बहजोई पुलिस टीम द्वारा की गई।
बहजोई निवासी व्यापारी लौकेश की फर्म श्याम ऑयल एंड राइस मिल से 23 नवंबर 2025 को चावल के 888 कट्टे लगभग 533 कुंतल एक ट्रक संख्या HR58E7309 के माध्यम से हरियाणा के कुरुक्षेत्र भेजे गए थे। माल की अनुमानित कीमत करीब 17 लाख रुपये थी। लेकिन तय समय तक ट्रक गंतव्य पर नहीं पहुंचा। जब व्यापारी ने ट्रक चालक और मालिक से संपर्क किया तो उनके मोबाइल फोन बंद मिले। मेरठ स्थित उनके घर जाने पर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद व्यापारी ने थाना बहजोई में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस जांच में सनसनीखेज खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बहजोई पुलिस और एसओजी टीम ने सीसीटीवी कैमरों, टोल प्लाजा रिकॉर्ड और मोबाइल सर्विलांस की मदद से जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि ट्रक चालक रिहान और ट्रक मालिक कामिल दोनों सगे भाई ने सुनियोजित तरीके से माल को हड़प लिया। आरोपियों ने ट्रक को रास्ते में जंगल में छिपा दिया और अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए, ताकि ट्रांसपोर्टर और व्यापारी उनसे संपर्क न कर सकें। पुलिस ने 15/16 जनवरी 2026 की रात करीब 12:23 बजे दोनों आरोपियों को थाना सरूरपुर, जिला मेरठ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उनकी निशानदेही पर चावल बेचकर प्राप्त 10.30 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा, सबूत मिटाने के लिए ट्रक को खुर्द-बुर्द कर उसका पिछला हिस्सा ट्रॉला कस्बा बनत, जिला शामली से बरामद कर लिया गया है।

पूछताछ में कबूल किया जुर्म
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ट्रक की किस्तें बकाया थीं और परिवार में बहन की शादी का खर्च सामने आ गया था। जल्दी पैसा कमाने के लालच में उन्होंने अपने साथी कादिर के साथ मिलकर यह पूरी साजिश रची। आरोपियों ने स्वीकार किया कि कादिर ने ही ट्रांसपोर्टर से संपर्क कराया और बाद में चावल को खुद व्यापारी बनकर हरियाणा के यमुनानगर में बेच दिया गया। पैसे आपस में बांट लिए गए और ट्रक को पकड़ से बचाने के लिए उसके हिस्से अलग-अलग कर छिपा दिए गए इस पूरे मामले में शामिल तीसरा आरोपी कादिर निवासी नंगला रियावली, थाना रतनपुरी, जिला मुजफ्फरनगर फिलहाल फरार है। पुलिस का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा। इस सनसनीखेज घटना के बाद ट्रांसपोर्ट और व्यापार जगत में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि माल बुकिंग से पहले ट्रांसपोर्टर और वाहन का पूरा सत्यापन अवश्य करें।




