Welcome to AV LIVE TV   Click to listen highlighted text! Welcome to AV LIVE TV
E-Paperउत्तर प्रदेशक्राइम

झोपड़ी में जिंदा जली वृद्ध महिला, हत्या की आशंका से हड़कंप

पुरानी रंजिश में साजिशन आग लगाने का आरोप, पहले भी थाने में दी गई थीं शिकायतें

संभल के थाना धनारी क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली और सनसनीखेज घटना सामने आई है। ग्राम खलीलपुर में बृहस्पतिवार शाम एक वृद्ध महिला को उसकी ही झोपड़ी में जिंदा जलाकर मार दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। झोपड़ी में लगी भीषण आग की चपेट में आकर राममूर्ति (70) पत्नी स्वर्गीय रामलाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।


झोपड़ी में सो रही थी वृद्ध महिला, 4:30 बजे भड़की आग
जानकारी के अनुसार, राममूर्ति अपने घर से लगभग 300 मीटर दूर स्थित अपने घेर में बनी झोपड़ी में सो रही थीं। बृहस्पतिवार को करीब शाम 4:30 बजे अचानक झोपड़ी से तेज धुआं और आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। आग इतनी तेजी से फैली कि वृद्ध महिला बाहर निकलने का मौका भी नहीं पा सकीं और झोपड़ी के साथ ही जिंदा जल गईं।


चीख-पुकार के बीच गांव में अफरा-तफरी
आग लगते ही आसपास के लोगों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीण आग बुझाने के लिए दौड़े, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक झोपड़ी पूरी तरह जल चुकी थी और वृद्ध महिला की मौत हो चुकी थी। घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।


पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर शव पोस्टमार्टम को भेजा
सूचना मिलते ही थाना धनारी पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


पुत्र ने लगाया साजिशन हत्या का आरोप
मृतका के पुत्र मलखान ने गांव के ही एक युवक पर झोपड़ी में जानबूझकर आग लगाने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि आरोपी से पुरानी रंजिश चली आ रही थी और इस संबंध में उन्होंने थाना धनारी में कई बार प्रार्थना पत्र दिए थे, लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।


पहले भी फंसाने की कोशिश का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कुछ दिन पूर्व आरोपी पक्ष ने अपनी ही भूसे की बुझी में आग लगाकर पीड़ित परिवार को झूठे मामले में फंसाने का प्रयास किया था, जिसकी जांच पुलिस कर रही थी। इसी रंजिश के चलते बृहस्पतिवार को उस समय झोपड़ी में आग लगाई गई, जब वृद्ध महिला अंदर सो रही थीं।


पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच हर पहलू से की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!