शीतलहर में जिला प्रशासन का मानवीय चेहरा, डीएम डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने जरूरतमंदों को पहुंचाई राहत
खाटूश्याम मंदिर के पास कंबल वितरण, कड़ाके की ठंड में असहायों के लिए प्रशासन सतर्क

जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए खाटूश्याम मंदिर के निकट जरूरतमंद, असहाय एवं बेसहारा लोगों को किए कंबल वितरित।
संभल (लीड खबर)।
जनपद में लगातार बढ़ रही शीतलहर और गिरते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित खाटूश्याम मंदिर के निकट पहुंचकर जरूरतमंद, असहाय एवं बेसहारा लोगों को कंबल वितरित किए। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरे पर राहत और संतोष साफ दिखाई दिया।

कंबल वितरण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं मौजूद रहकर लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि ठंड के इस मौसम में किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है और जरूरतमंदों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, सड़क किनारे, धार्मिक स्थलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर रहने वाले जरूरतमंद लोगों की पहचान कर उन्हें समय से कंबल, अलाव और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से भी अपील की कि ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का प्रयोग करें, खुले में रहने से बचें और अपने आसपास यदि कोई असहाय या बुजुर्ग व्यक्ति दिखे तो उसकी सूचना तुरंत प्रशासन या स्थानीय अधिकारियों को दें। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और शीतलहर के दौरान हर जरूरतमंद तक सहायता पहुंचाना प्रशासन का संकल्प है।
ब्यूरो रिपोर्ट कपिल वार्ष्णेय




