Welcome to AV LIVE TV   Click to listen highlighted text! Welcome to AV LIVE TV
लोकल न्यूज़

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर सम्भल में जागरूकता का बड़ा अभियान

बीएमजी डिग्री कॉलेज चंदौसी में 800 छात्र-छात्राओं को दिलाई गई मतदाता शपथ रैली निकालकर दिया मतदान का संदेश

सम्भल (बहजोई)। रविवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर शनिवार को जनपद सम्भल में मतदाता जागरूकता को लेकर व्यापक कार्यक्रम आयोजित किया गया। बीएमजी डिग्री कॉलेज, चंदौसी में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना और भावी मतदाताओं को मतदान के महत्व से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम के दौरान बीएमजी डिग्री कॉलेज चंदौसी, बीएमजी इंटर कॉलेज, एफआर इंटर कॉलेज चंदौसी, एसएम इंटर कॉलेज चंदौसी एवं चंदौसी इंटर कॉलेज के लगभग 800 छात्र एवं छात्राओं को जिलाधिकारी द्वारा मतदाता जागरूकता से संबंधित शपथ दिलाई गई। शपथ के माध्यम से विद्यार्थियों को निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया गया। जिलाधिकारी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के बच्चे ही देश के भविष्य के निर्माता हैं। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार प्राप्त होता है और यह अधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि भविष्य में अपने मताधिकार का प्रयोग धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना करें।

इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया को सरल शब्दों में समझाया गया। इसके बाद जिलाधिकारी ने मतदाता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने नगर में भ्रमण कर आमजन को मतदान के प्रति जागरूक किया और लोकतंत्र में भागीदारी का संदेश दिया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार तथा बीएमजी डिग्री कॉलेज की प्रोफेसर डॉ. रीता शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी प्रदीप वर्मा, उप जिलाधिकारी चंदौसी आशुतोष तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वेश कुमार, बीएमजी डिग्री कॉलेज की प्राचार्य अलका शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं को लोकतंत्र से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है, जिससे भविष्य में अधिक जागरूक और जिम्मेदार मतदाता तैयार हो सकेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!