पुलिस परिवार परामर्श केंद्र बना टूटते रिश्तों का सहारा
चंदौसी में हुई बैठक में 14 मामलों की सुनवाई, 3 विवाद सुलझे, एक परिवार फिर जुड़ा

सम्भल। जनपद सम्भल पुलिस द्वारा पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए संचालित पुलिस परिवार परामर्श सुलह-समझौता केंद्र एक बार फिर भरोसे का मंच साबित हुआ। बुधवार 21 जनवरी 2026 को चंदौसी स्थित पिंक चौकी में आयोजित बैठक में पति-पत्नी के बीच चल रहे आपसी विवादों को संवाद और काउंसलिंग के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया गया, जिसमें कई मामलों में सकारात्मक परिणाम सामने आए।
आज दिनांक 21.01.2026 को पुलिस अधीक्षक जनपद सम्भल कृष्ण कुमार के कुशल निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) अनुकृति शर्मा तथा क्षेत्राधिकारी बहजोई डॉ. प्रदीप कुमार सिंह के निर्देशानुसार पुलिस परिवार परामर्श सुलह-समझौता केंद्र की बैठक गौशाला रोड स्थित पिंक चौकी, चंदौसी में आयोजित की गई। बैठक की देखरेख चंदौसी परामर्श केंद्र प्रभारी डॉ. रुकम पाल सिंह द्वारा की गई। इस दौरान पति-पत्नी के मध्य उत्पन्न हुए पारिवारिक विवादों से संबंधित कुल 14 पत्रावलियों की क्रमवार सुनवाई की गई। काउंसलरों ने दोनों पक्षों की बातों को शांतिपूर्वक सुना और आपसी समझ के आधार पर समाधान निकालने का प्रयास किया।
सुलह-समझौते से निकले सकारात्मक परिणाम
3 पत्रावलियों का सुलह-समझौते के आधार पर सफल निस्तारण किया गया। 1 परिवार को आपसी मतभेद भुलाकर पुनः मिलाया गया, जिससे एक टूटता परिवार बच सका। 3 पत्रावलियों को आवेदक द्वारा बल न देने एवं अन्य कारणों से बंद किया गया। शेष मामलों में आगे की काउंसलिंग के लिए अगली तिथि निर्धारित की गई। काउंसलरों ने दंपतियों को परिवार की अहमियत, सामाजिक जिम्मेदारियों और बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए आपसी संवाद से विवाद सुलझाने के लिए प्रेरित किया। पुलिस परिवार परामर्श केंद्र का उद्देश्य पारिवारिक विवादों को न्यायालय तक पहुंचने से पहले ही आपसी सहमति से निस्तारित करना है। बैठक में काउंसलर श्वेता गुप्ता, संगीता भार्गव, पूनम अरोड़ा, उप निरीक्षक महेश गंगवार, महिला मुख्य आरक्षी रुचि सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस परिवार परामर्श सुलह-समझौता केंद्र की यह पहल पारिवारिक कलह के समाधान के साथ-साथ समाज में विश्वास और संवेदनशील पुलिसिंग की मजबूत मिसाल पेश कर रही है।




