Welcome to AV LIVE TV   Click to listen highlighted text! Welcome to AV LIVE TV
क्राइम

कानून व्यवस्था को लेकर प्रशासन सख्त, डीएम–एसपी की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक

गैंगस्टर, एनडीपीएस, ड्रग्स, गौ तस्करी और महिला अपराधों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश, टॉप-टेन अपराधियों पर विशेष नजर

सम्भल। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया एवं पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई की संयुक्त अध्यक्षता में कानून व्यवस्था की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपराध नियंत्रण, गैंगस्टर एवं माफिया पर कार्रवाई, ड्रग्स के विरुद्ध अभियान, महिला सुरक्षा तथा जनसुनवाई से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।

खबर विस्तार:
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बीमा गिरोह के विरुद्ध की गई बड़ी कार्रवाई की जानकारी जिलाधिकारी को दी। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस प्रकार की कार्रवाइयों को और अधिक तेजी से अंजाम दिया जाए। पुलिस अधीक्षक द्वारा निरोधात्मक कार्यवाहियों, एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, आबकारी विभाग से जुड़ी कार्रवाइयों की समीक्षा की गई। गैंगस्टर के वांछित अभियुक्तों, लंबित अभियोगों, जिला बदर, प्रस्तावित गैंग चार्ट एवं गुंडा एक्ट के अंतर्गत की जा रही कार्रवाई की प्रगति पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि जनपद में गैंगस्टर की कार्रवाई को और प्रभावी बनाया जाए तथा नए गुंडों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ड्रग्स के खिलाफ अभियान को तेज करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि जनपद के समस्त विद्यालयों में नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही गांजा बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि पैमाइश के बाद की जाने वाली ठीयाबंदी हटाने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कहा कि ऐसे मामलों में गुंडा एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने टॉप-टेन अपराधियों, त्योहार रजिस्टर, गुंडा रजिस्टर की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए। बैठक में एनएसए एवं गौ तस्करी से संबंधित मामलों पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने महिला अपराधों से जुड़े मामलों को विशेष प्राथमिकता देने, जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से सुनने तथा उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने खनन चौकियों एवं पुलिस चौकियों के निर्माण कार्य की जानकारी प्राप्त की। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि जिन पुलिस चौकियों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, उनका शीघ्र लोकार्पण कराया जाए।

बंदरों से संबंधित घटनाओं को लेकर जिलाधिकारी ने प्रभागीय वनाधिकारी को गहन जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही चंदौसी में खुले नालों से हुई घटनाओं को लेकर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ऐसे स्थलों को चिन्हित कर नालों को ढकवाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके उपरांत मिशन शक्ति अभियान की प्रगति की जानकारी दी गई तथा जिलाधिकारी द्वारा “बाल विवाह मुक्त भारत” की शपथ दिलाई गई। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी प्रीति यादव, अपर जिलाधिकारी प्रदीप वर्मा, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सौरभ कुमार पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक अनुकृति शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार, उप जिलाधिकारी गुन्नौर अवधेश कुमार, उप जिलाधिकारी संभल, डिप्टी कलेक्टर विकास चंद्र, समस्त क्षेत्राधिकारी, समस्त थानाध्यक्ष एवं अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

ब्यूरो रिपोर्ट:
कपिल वार्ष्णेय
AV LIVE TV – दम है सच दिखाने का

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!