डाक पैरवी पर निकले हेड कांस्टेबल की सड़क हादसे में मौत
तेज रफ्तार ईको कार ने मारी जोरदार टक्कर इलाज के दौरान तोड़ा दम पुलिस महकमे में शोक की लहर

सम्भल/रजपुरा। थाना रजपुरा क्षेत्र में बुधवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसमें उत्तर प्रदेश पुलिस के एक कर्तव्यनिष्ठ हेड कांस्टेबल की दर्दनाक मौत हो गई। ड्यूटी के तहत डाक पैरवी के लिए घर से निकले पुलिसकर्मी को क्या पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में मातम छा गया, वहीं परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हेड कांस्टेबल 519 विकुल देव (उम्र करीब 35 वर्ष), पुत्र जयपाल सिंह, निवासी ग्राम चकफतेहपुर थाना हीमपुरदीपा जनपद बिजनौर, वर्तमान में थाना रजपुरा जनपद सम्भल में तैनात थे। बुधवार को वह सरकारी कार्य से डाक पैरवी के लिए अपनी निजी मोटरसाइकिल संख्या UP20BY1974 से बहजोई सम्भल जा रहे थे। जैसे ही वह बहजोई-रजपुरा मार्ग पर फरीदपुर तिराहा मन्दिर के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक ईको कार संख्या HR51BX7363 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हेड कांस्टेबल सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल पुलिसकर्मी को तत्काल सीएचसी बहजोई पहुंचाया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सीएचसी चन्दौसी रेफर कर दिया। लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान हेड कांस्टेबल ने दम तोड़ दिया। ड्यूटी के दौरान हुई इस दर्दनाक मौत की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। थाना रजपुरा सहित पूरे पुलिस महकमे में मातमी माहौल बन गया। साथी पुलिसकर्मियों ने हेड कांस्टेबल को एक कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और मिलनसार पुलिसकर्मी बताया।
परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
जैसे ही हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई, परिवार में कोहराम मच गया। जवान बेटे की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ईको कार को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस द्वारा चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
ड्यूटी की राह में शहीद हुआ जवान, सवालों के घेरे में सड़क सुरक्षा
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की गंभीर समस्या को उजागर करता है। ड्यूटी पर जाते समय एक पुलिस जवान की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।




