धनारी के जनता जूनियर हाई स्कूल का परचम
एनएमएमएस परीक्षा में 11 छात्र-छात्राओं का चयन ग्रामीण प्रतिभाओं ने रचा नया इतिहास

कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और लगन से मिली बड़ी सफलता, क्षेत्र में खुशी की लहर
गुन्नौर/धनारी। ग्रामीण क्षेत्र में स्थित जनता जूनियर हाई स्कूल धनारी के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शिक्षा के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल की है। सत्र 2026–27 में आयोजित राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएस) में विद्यालय के 11 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ है।
इस उल्लेखनीय सफलता से न केवल विद्यालय परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल देखने को मिल रहा है। ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले इन विद्यार्थियों की मेहनत और लगन ने यह साबित कर दिया है कि संसाधनों की कमी प्रतिभा के रास्ते में बाधा नहीं बन सकती। एनएमएमएस (National Means-cum-Merit Scholarship Scheme) परीक्षा को देश की महत्वपूर्ण छात्रवृत्ति परीक्षाओं में गिना जाता है। इस परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को सरकार की ओर से आगे की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता के रूप में छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए इस परीक्षा में सफलता प्राप्त करना किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं माना जाता। जनता जूनियर हाई स्कूल धनारी के कक्षा 8 के कुल 11 विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में सफलता हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इनमें 6 छात्र और 5 छात्राएं शामिल हैं।

चयनित विद्यार्थियों ने बढ़ाया विद्यालय का मान
इस प्रतिष्ठित परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों में सुनील पुत्र चंद्रपाल निवासी भागनगर,
विशाल पुत्र मुकेश, लक्ष्मी पुत्री रामावतार, राजकुमार पुत्र वेदप्रकाश निवासी धनारी स्टेशन,अंशु यादव पुत्र चंद्रकेश निवासी उधरनपुर अजमतनगर,दीपांशी यादव पुत्री वेदप्रकाश,समरीन पुत्री अब्दुल रहमान,शाकिरा पुत्री रियासत, मोहित कुमार पुत्र नरेंद्र,वेदपाल पुत्र मोरपाल निवासी रुस्तमपुर पीपलवाला तथा शिवानी यादव शामिल हैं। इन सभी विद्यार्थियों ने अपनी कड़ी मेहनत, नियमित अध्ययन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से यह उपलब्धि हासिल की है। बताया जा रहा है कि विद्यालय के शिक्षक लंबे समय से विद्यार्थियों को इस परीक्षा के लिए विशेष रूप से तैयार कर रहे थे। नियमित कक्षाओं के साथ-साथ अतिरिक्त अभ्यास और मार्गदर्शन के माध्यम से बच्चों को प्रतियोगी परीक्षा के लिए तैयार किया गया। शिक्षकों की मेहनत और विद्यार्थियों की लगन का ही परिणाम है कि इस वर्ष एक साथ इतने अधिक विद्यार्थियों का चयन हुआ है।

जैसे ही परीक्षा परिणाम की जानकारी विद्यालय पहुंची, पूरे स्कूल में खुशी की लहर दौड़ गई। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं अभिभावकों ने भी अपने बच्चों की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए विद्यालय के शिक्षकों का आभार जताया।
प्रधानाचार्य ने जताया गर्व
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह विद्यालय परिवार के लिए बेहद गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों ने अनुशासन, मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई कर यह सफलता हासिल की है। यह परिणाम विद्यार्थियों की प्रतिभा और शिक्षकों की मेहनत दोनों का प्रमाण है। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल सामान्य शिक्षा देना नहीं बल्कि बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी तैयार करना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी बड़े मुकाम हासिल कर सकें।
विद्यार्थियों की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और समाजसेवियों ने भी बच्चों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले वर्षों में भी जनता जूनियर हाई स्कूल धनारी के विद्यार्थी इसी तरह नई-नई उपलब्धियां हासिल कर क्षेत्र और जिले का नाम रोशन करते रहेंगे।



