Welcome to AV LIVE TV   Click to listen highlighted text! Welcome to AV LIVE TV
लोकल न्यूज़

ट्विनिंग कार्यक्रम के तहत आईटीआई चंदौसी का शैक्षिक भ्रमण

पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय आटा के विद्यार्थियों ने आधुनिक तकनीक और औद्योगिक प्रशिक्षण की ली जानकारी

सम्भल बहजोई । गुरुवार पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय आटा, विकास क्षेत्र बनियाखेड़ा, जनपद सम्भल के छात्र-छात्राओं को गुरुवार को ट्विनिंग कार्यक्रम के अंतर्गत औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बदायूं रोड, चन्दौसी के शैक्षिक भ्रमण पर ले जाया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य बच्चों को तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण की जानकारी प्रदान करना रहा। संस्थान परिसर में बस पहुंचते ही प्रधानाचार्य डॉ. नरेंद्र सिंह पाल ने विद्यार्थियों का स्वागत किया और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना, उद्देश्य तथा यहां संचालित विभिन्न प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों के बारे में संक्षिप्त परिचय दिया। उन्होंने बताया कि संस्थान में हाई स्कूल उत्तीर्ण करने के बाद अत्यंत कम शुल्क में विभिन्न औद्योगिक पाठ्यक्रम कराए जाते हैं, जिससे छात्र-छात्राएं आत्मनिर्भर बन सकते हैं।

इसके उपरांत बच्चों को क्रमशः मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, सिविल, मैकेनिक मोटर वाहन, फिटर तथा इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेड की प्रयोगशालाओं का भ्रमण कराया गया। विद्यार्थियों ने सभी प्रयोगशालाओं में चल रहे उपकरणों और मशीनों को बड़ी उत्सुकता और ध्यानपूर्वक देखा। प्रशिक्षकों ने उन्हें मशीनों के संचालन और कार्यप्रणाली की जानकारी सरल भाषा में समझाई। भ्रमण का सबसे आकर्षक केंद्र टाटा कंपनी द्वारा स्थापित अत्याधुनिक प्रयोगशाला रही। यहां विद्यार्थियों ने रोबोट के माध्यम से वेल्डिंग कार्य होते हुए देखा तथा रोबोट द्वारा भारी और गर्म वस्तुओं को उठाते हुए प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया। आधुनिक तकनीक को सामने देखकर बच्चों में खासा उत्साह दिखाई दिया। संस्थान के कार्यदेशक श्री मुकेश कुमार गौतम, श्री अमित कुमार शुक्ला, अनुदेशक श्री शिवम कुमार, श्री मनोज कुमार, श्री कीर्तिपाल शर्मा तथा श्री अनिल गुप्ता सहित समस्त शिक्षक स्टाफ ने विद्यार्थियों का आत्मीयता से मार्गदर्शन किया। उन्होंने बच्चों को भविष्य में तकनीकी शिक्षा अपनाकर आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी।

भ्रमण के दौरान पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय आटा की प्रधानाध्यापिका श्रीमती चयनिका वार्ष्णेय, श्रीमती रूपा रस्तोगी, श्री विनोद कुमार गुप्ता तथा अनुदेशक श्रीमती ज्योति सिंह उपस्थित रहीं। विद्यार्थियों में सिमरन, ज्योति, ललित, अनिकेत, अनूप, लकी, विशाल, सुमित सहित अन्य छात्र-छात्राएं शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से आईटीआई चन्दौसी के समस्त शिक्षक स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा उनके स्वस्थ, दीर्घायु और सुखी जीवन की कामना की गई। यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!