
संभल/धनारी। थाना धनारी क्षेत्र के गाँव दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। ग्राम खलीलपुर निवासी मुन्नी पत्नी शमशाद अपने बेटे रिजवान और बेटी नसरीन के साथ मुरादाबाद से आंखों की जांच कराकर मोटरसाइकिल से वापस गांव लौट रही थीं। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।
सामने से आई मौत बनकर बोलेरो मैक्स
बताया जा रहा है कि थाना बनियाढेर क्षेत्र के गांव भुलावई के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात बोलेरो मैक्स पिकअप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल दूर जा गिरी और तीनों सड़क पर बुरी तरह उछल पड़े। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दहशत में घरों से बाहर निकल आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और घायल सड़क पर खून से लथपथ पड़े थे।

मां ने मौके पर तोड़ा दम
हादसे में मुन्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बेटा रिजवान और बेटी नसरीन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के हाथ-पैर टूट गए हैं और सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गहरी चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सीएचसी चन्दौसी भेजा गया। चिकित्सकों ने मुन्नी को मृत घोषित कर दिया, जबकि रिजवान और नसरीन की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। दोनों जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। हादसे के बाद बोलेरो मैक्स का चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
तेज रफ्तार पर फिर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटना स्थल पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और नियमित यातायात निगरानी की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी दोबारा न हो।
(रिपोर्ट: AV LIVE TV,)





