सम्भल में आंगनबाड़ी मिशन शक्ति और समाज कल्याण योजनाओं की समीक्षा बैठक
जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में हुई महत्वपूर्ण बैठक

सम्भल बहजोई। बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में आंगनबाड़ी, आईसीडीएस, मिशन शक्ति तथा समाज कल्याण विभाग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

आईसीडीएस योजनाओं की समीक्षा
बैठक के दौरान आईसीडीएस विभाग के अंतर्गत बच्चों के वजन मापन की प्रगति पर विशेष चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने वीएचएसएनडी सत्रों में बच्चों की लंबाई एवं वजन का सही और नियमित मापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि सत्रों में लापरवाही पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। आंगनबाड़ी केंद्रों पर चल रही व्यवस्थाओं और कार्यवाहियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों, एनआरसी (पोषण पुनर्वास केंद्र) चंदौसी, आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य तथा लर्निंग लैब की प्रगति पर भी चर्चा की गई। आईसीडीएस के अंतर्गत आधार सत्यापन एवं मोबाइल सत्यापन की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

मिशन शक्ति के अंतर्गत समीक्षा
मिशन शक्ति बैठक के दौरान कन्या सुमंगला योजना के लंबित आवेदनों पर चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विधवा पेंशन योजना के सत्यापन कार्य को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने समस्त खंड विकास अधिकारियों को समयबद्ध सत्यापन पूर्ण करने के निर्देश दिए।

समाज कल्याण योजनाओं पर विशेष जोर
समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत वृद्धावस्था पेंशन, फैमिली आईडी, शादी अनुदान योजना, अभ्युदय योजना, आश्रम पद्धति विद्यालय, पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान तथा निराश्रित महिला पेंशन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण एवं पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष बल दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) महेश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी तिनेज कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। यह बैठक जनपद में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।




