राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर जनपद सम्भल में अभियान का शुभारम्भ
जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैसिया ने बच्चों को ऐल्बेन्डाजोल खिलाकर किया कार्यक्रम का उद्घाटन

सम्भल/बहजोई। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर मंगलवार को भगत जी इंटरनेशनल स्कूल, बहजोई, जनपद सम्भल में जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैसिया ने छात्र-छात्राओं को कृमि मुक्ति की दवा ऐल्बेन्डाजोल खिलाकर अभियान का विधिवत शुभारम्भ किया।

अधिकारियों ने स्वयं दवा सेवन कर दिया जागरूकता संदेश
विद्यालय परिसर में उपस्थित बच्चों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रेरित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैसिया एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण पाठक ने स्वयं भी कृमि-मुक्ति की गोली का सेवन किया, जिससे बच्चों में दवा को लेकर विश्वास एवं जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कृमि संक्रमण से होने वाले दुष्प्रभावों एवं उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को नाखून साफ व छोटे रखने, फल-सब्जियों को धोकर खाने, नियमित रूप से स्नान करने तथा व्यक्तिगत एवं आसपास की साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण पाठक ने बच्चों से संवाद करते हुए सदैव स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का सेवन करने तथा घर एवं आसपास के वातावरण को साफ रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अपनाकर कृमि संक्रमण से बचा जा सकता है।

जनपद के 13 लाख से अधिक बच्चों को दी जाएगी दवा
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि वर्ष 2025-26 के द्वितीय चरण (फरवरी 2026) में जनपद सम्भल के कुल 13,11,811 बच्चों को कृमि-मुक्ति हेतु ऐल्बेन्डाजोल की गोली खिलाई जानी है। यह अभियान विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित किया जाएगा। जिला कार्यक्रम प्रबंधक (एनएचएम) संजीव कुमार राठौर ने बताया कि जो बच्चे किसी कारणवश अभियान के दिन दवा सेवन से वंचित रह जाएंगे, उन्हें मॉप-अप दिवस 14 अगस्त 2025 (बुधवार) को ऐल्बेन्डाजोल की गोली खिलाई जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा ने छात्र-छात्राओं से नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित रहने और मन लगाकर अध्ययन करने का आह्वान किया।

अधिकारी एवं विद्यालय स्टाफ रहे उपस्थित
कार्यक्रम में डी.ई.आई.सी. प्रबंधक मनु तेवतिया, खंड शिक्षा अधिकारी बहजोई पोप सिंह, प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक सीएचसी बहजोई डॉ. सचिन वर्मा, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालय के प्रबंधक, प्रधानाचार्या एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहे l राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत संचालित यह अभियान बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





