Welcome to AV LIVE TV   Click to listen highlighted text! Welcome to AV LIVE TV
धर्म

महाशिवरात्रि पर आस्था का सैलाब: जयरामनगर के प्राचीन शिव मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा धनारी क्षेत्र कांवड़ियों ने किया जलाभिषेक

संभल धनारी। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर थाना धनारी क्षेत्र के ग्राम जयरामनगर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के सुबह से ही मंदिर परिसर में भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।

गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़िये कई किलोमीटर की पदयात्रा

श्रद्धालु हरिद्वार और राजघाट गंगा घाट से पवित्र गंगाजल भरकर पैदल यात्रा करते हुए जयरामनगर पहुंचे। कई कांवड़ियों ने दर्जनों किलोमीटर की कठिन यात्रा तय की और मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। पूरे दिन भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।

भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने विशेष सुरक्षा प्रबंध किए थे। मंदिर परिसर और मुख्य मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा। जगह-जगह बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी गई। थाना धनारी पुलिस की सतर्क निगरानी में श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक दर्शन और जलाभिषेक किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए थे। चिकित्सा सहायता, पेयजल और प्राथमिक उपचार की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। प्रशासन की सतर्कता और मंदिर समिति के सहयोग से महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। पूरे क्षेत्र में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!