असमोली विकासखंड में संपूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ जनभागीदारी से विकास को मिलेगी गति
एमएलसी डॉ हरि सिंह ढिल्लों ने दिलाई शपथ 28 जनवरी से 14 अप्रैल तक चलने वाले अभियान के उद्देश्यों पर डाला प्रकाश

संभल l विकासखंड असमोली परिसर में सोमवार को नीति आयोग के संपूर्णता अभियान 2.0 के शुभारंभ को लेकर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह राष्ट्रव्यापी अभियान 28 जनवरी 2026 से 14 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य आकांक्षात्मक ब्लॉकों में विकास के निर्धारित संकेतांकों को सुदृढ़ करना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधानपरिषद सदस्य डॉ हरि सिंह ढिल्लों तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह रिंकू एवं ब्लॉक प्रमुख असमोली संतोष देवी उपस्थित रहीं।

फीता काटकर व दीप प्रज्ज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा फीता काटकर एवं माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत गान प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा आईसीडीएस, बेसिक शिक्षा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया गया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत-सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य अतिथि द्वारा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को संपूर्णता अभियान 2.0 की शपथ दिलाई गई, ताकि अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाया जा सके।

गोद भराई अन्नप्राशन व स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम
आईसीडीएस विभाग के अंतर्गत गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वहीं पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा गोवंशीय पशुओं के टीकाकरण को लेकर जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग से एमओआईसी डॉ हेमंत कुमार ने सर्वाइकल कैंसर, डायबिटीज, हाइपरटेंशन सहित अन्य बीमारियों पर विस्तृत जानकारी दी। जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी रत्नेश कुमार ने नीति आयोग के अंतर्गत संपूर्णता अभियान 2.0 की पृष्ठभूमि बताई। जिला विकास अधिकारी राम आशीष ने अभियान के अंतर्गत शामिल 6 प्रमुख संकेतांकों की जानकारी दी, जिनमें बच्चों को पूर्ण पोषण, बच्चों की नियमित माप, आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय व पेयजल सुविधा, तथा स्कूलों में बालिका शौचालय की उपलब्धता शामिल है।

2047 तक विकसित भारत का संकल्प
मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसमें नई लक्ष्य निर्धारण, निरंतरता, संस्थागतकरण, अभिसरण एवं जनभागीदारी पर विशेष बल दिया गया है। उन्होंने बताया कि यह अभियान देश के 112 जिलों एवं 513 ब्लॉकों में संचालित किया जा रहा है उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संकल्प है कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाया जाए। इसके लिए कुपोषण को समाप्त कर सुपोषण की दिशा में ठोस प्रयास किए जाएं और गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

सरकार बिना भेदभाव कर रही है विकास: जिलाध्यक्ष
भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह रिंकू ने कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास के मंत्र पर कार्य कर रही है और बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग के लिए योजनाएं चला रही हैl मुख्य अतिथि डॉ हरि सिंह ढिल्लों ने बजट के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया और आकांक्षात्मक ब्लॉकों की अवधारणा को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, सुरक्षा एवं पोषण सरकार की प्राथमिकता है। संपूर्णता अभियान 2.0 का समापन 14 अप्रैल को डॉ भीमराव आंबेडकर जयंती पर होगा। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि देश के विकास के लिए सकारात्मक सोच के साथ कार्य करें। खंड विकास अधिकारी प्रेमपाल सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि मुख्य अतिथि द्वारा दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाएगा। मंच संचालन जिला विकास अधिकारी राम आशीष एवं सीडीपीओ रचना यादव द्वारा संयुक्त रूप से किया गया कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष भाजपा योगेंद्र त्यागी, खंड शिक्षा अधिकारी अंशुल सिंह सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



