सम्भल बहजोई में भव्य रूप से मना उत्तर प्रदेश दिवस–2026
विकसित उत्तर प्रदेश–विकसित भारत थीम पर रोडवेज बस स्टैंड बहजोई में हुआ विशाल आयोजन

✦ मुख्य अतिथि डॉ. मिथलेश तिवारी ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ
✦ जनपद सरस मेला, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और योजनाओं के वितरण ने बढ़ाई भव्यता
सम्भल (बहजोई)। शनिवार को रोडवेज बस स्टैंड बहजोई परिसर में उत्तर प्रदेश दिवस–2026 का आयोजन अत्यंत भव्य और उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ‘विकसित उत्तर प्रदेश–विकसित भारत’ की थीम के अंतर्गत किया गया, जिसमें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, सांस्कृतिक विरासत और विकास की झलक एक साथ देखने को मिली। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बिरजू महाराज कथक संस्थान, लखनऊ की उपाध्यक्ष डॉ. मिथलेश तिवारी रहीं। जबकि विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक गुन्नौर श्री अजीत कुमार उर्फ राजू यादव तथा भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्री ओमवीर सिंह खडगवंशी उपस्थित रहे।

दीप प्रज्ज्वलन व पंचोपचार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा फीता काटकर तथा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट एवं अपर जिलाधिकारी प्रदीप वर्मा द्वारा जनपद की नई परम्परा पंचोपचार विधि से मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया, वहीं अन्य अतिथियों को एक पुष्प व पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय आटा की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। प्राथमिक विद्यालय चंदौसी नगर के अध्यापक राशिद द्वारा कवि सौरभ कांत शर्मा रचित सम्भल गान का गायन किया गया। इसके साथ ही

-
उड़ान आर्टिस्ट ग्रुप की बालिकाओं द्वारा ब्रज क्षेत्र का मनमोहक नृत्य
-
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्रा द्वारा यूपी वाले भैया पर प्रस्तुति
ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्य अतिथि डॉ. मिथलेश तिवारी द्वारा परिसर में लगे जनपद सरस मेला का अवलोकन किया गया। मेले में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं से संबंधित स्टाल, स्वयं सहायता समूहों की दीदियों द्वारा बनाए गए उत्पाद, ओडीओपी, मिशन शक्ति से जुड़े स्टाल लगाए गए, जिन्हें अतिथियों ने सराहा।

वक्ताओं ने रखे विकास और संस्कृति पर विचार
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्री ओमवीर सिंह खडगवंशी ने कहा कि उत्तर प्रदेश धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध प्रदेश है। प्रयाग, काशी, मथुरा-वृंदावन जैसे तीर्थ यहीं स्थित हैं। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण का जन्म भी इसी धरती पर हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से विकसित प्रदेश बन रहा है।
पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक गुन्नौर श्री अजीत कुमार उर्फ राजू यादव ने कहा कि हमारा प्रदेश सबसे उत्तम प्रदेश है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश को अपराध मुक्त बनाया है और किसानों के लिए दुर्घटना बीमा जैसी योजनाएं लागू की हैं। गांव-गांव में मॉडल स्कूल बन रहे हैं। उन्होंने जिलाधिकारी द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना की।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि विकसित भारत का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर जाता है। हमें संकल्प लेना होगा कि प्रत्येक क्षेत्र में मेहनत से आगे बढ़ें, स्वयं सहायता समूहों की दीदियों को लखपति बनाएं और उत्तर प्रदेश को नंबर वन प्रदेश बनाएं।

मुख्य अतिथि डॉ. मिथलेश तिवारी
मुख्य अतिथि ने कहा कि सम्भल जनपद एक समर्थ जनपद है, यहां शोध और संस्कृति की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने सम्भल में एक विश्वविद्यालय तथा नाट्य व डांस एकेडमी की स्थापना का सुझाव दिया और जिलाधिकारी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने लखनऊ घराना के महान कथक नर्तक पं. बिरजू महाराज के योगदान पर भी प्रकाश डाला।

योजनाओं के लाभार्थियों को मिला लाभ
कार्यक्रम के अंतर्गत
-
दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा 10 ट्राईसाइकिल वितरित
-
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत समूहों की दीदियों को प्रशस्ति पत्र
-
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत टूल किट वितरण
-
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत 4 लाभार्थियों को 5–5 लाख रुपये के प्रतीकात्मक चेक
-
उद्यान विभाग द्वारा 3 किसानों को सम्मान
-
संस्कृति विभाग द्वारा जनपद, मंडल व राज्य स्तर पर विजेता कलाकार बच्चों को सम्मानित किया गया।


जनपद सरस मेला 26 जनवरी तक रहेगा जारी
जिला विकास अधिकारी राम आशीष ने सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बताया कि जनपद सरस मेला 24 से 26 जनवरी 2026 तक रोडवेज बस स्टैंड बहजोई में जारी रहेगा। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे मेले में आकर शासन की योजनाओं की जानकारी लें और स्वदेशी उत्पादों का क्रय करें।

बड़ी संख्या में अधिकारी व जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, अपर जिलाधिकारी प्रदीप वर्मा, जिला विकास अधिकारी राम आशीष, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी रत्नेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी चेतेन्द्र पाल सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी तिनेज कुमार, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी माधवी पाण्डेय, भाजपा पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। मंच संचालन कवि सौरभ कांत शर्मा द्वारा किया गया।




