पंचायत चुनाव 2026 की तैयारी तेज, डुप्लीकेट मतदाताओं पर प्रशासन की सख्ती
कलक्ट्रेट सभागार में डीएम डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, मतदाता सूची और मतदान केंद्रों पर हुआ मंथन

लीड खबर:
सम्भल। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें अनन्तिम निर्वाचक नामावली 2025 में दर्ज डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन, मतदान केंद्रों के युक्तिकरण और आवश्यकता अनुसार उनके स्थानांतरण को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।
खबर विस्तार:
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर सकती है। उन्होंने निर्देश दिए कि डुप्लीकेट मतदाताओं का सत्यापन अनिवार्य रूप से मौके पर जाकर किया जाए और संदिग्ध प्रविष्टियों को तत्काल चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विकासखण्डवार डुप्लीकेसी की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा, जहां एक ही मतदाता का नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज पाया गया है। उन्होंने समस्त खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सत्यापन कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करें।

बैठक में बीएलओ बूथ लेवल ऑफिसर की कार्यप्रणाली पर भी चर्चा हुई। जो बीएलओ कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं, उनकी सूची तैयार करने तथा सक्रिय बीएलओ के माध्यम से सत्यापन कार्य को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों के सम्भाजन की समीक्षा की गई। जर्जर घोषित विद्यालयों की सूची पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि असुरक्षित भवनों में किसी भी स्थिति में मतदान केंद्र न बनाए जाएं और वैकल्पिक सुरक्षित स्थानों का चयन समय रहते कर लिया जाए, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में बीएलओ के बैंक एकाउंट नंबर, फॉर्म-6 से जुड़े प्रकरणों पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन से संबंधित सभी प्रक्रियाएं पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाएं, जिससे कोई भी पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रहे। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रदीप वर्मा, उप जिलाधिकारी गुन्नौर अवधेश कुमार, डिप्टी कलेक्टर विकास चन्द, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट कपिल वार्ष्णेय
AV LIVE TV – दम है। सच दिखाने का




