Welcome to AV LIVE TV   Click to listen highlighted text! Welcome to AV LIVE TV
उत्तर प्रदेश

मतदाता सूची शुद्ध करने को विशेष अभियान डीएम ने किया निरीक्षण

सुबह 10:30 से शाम 4:30 बजे तक चला अभियान

मतदाता सूची को शुद्ध करने के लिए विशेष अभियान, डीएम ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर किया गहन निरीक्षण

सुबह 10:30 से शाम 4:30 बजे तक चले अभियान में दावे–आपत्तियां ली गईं, बीएलओ को समयबद्ध व पारदर्शी निस्तारण के निर्देश

गुन्नौर। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत रविवार को जनपद के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने का विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान प्रातः 10:30 बजे से सायं 4:30 बजे तक निरंतर संचालित रहा। अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त मतदेय स्थलों एवं मतदान केंद्रों पर बैठकों का आयोजन किया गया, जहां आलेख्य निर्वाचन नामावलियों का सार्वजनिक रूप से पठन कराया गया, ताकि मतदाता स्वयं अपने नाम, पता, आयु एवं अन्य विवरणों की जांच कर सकें।

अभियान के दौरान मतदाताओं को नए नाम जोड़ने, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटवाने तथा नाम, पता या अन्य विवरणों में संशोधन कराने के लिए प्रेरित किया गया। इसके लिए फार्म संख्या 6, 7 एवं 8 की सुविधा उपलब्ध कराई गई। बड़ी संख्या में मतदाता केंद्रों पर पहुंचे और मतदाता सूची से संबंधित जानकारी प्राप्त की। विशेष अभियान की वास्तविक स्थिति जानने और व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने एसआईआर स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के अंतर्गत चल रहे कार्यों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने बाबू राम सिंह इंटर कॉलेज, बबराला स्थित मतदेय स्थलों पर पहुंचकर बूथ लेवल अधिकारियों बीएलओ से अद्यतन मतदाता सूची, प्राप्त आवेदनों की संख्या, घोषणा पत्र अनुलग्नक 4 तथा मतदाता सूची पठन की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है इसलिए पुनरीक्षण कार्य को अत्यंत गंभीरता से लिया जाए। प्राप्त होने वाले सभी दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण नियमानुसार, निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों, बुजुर्ग मतदाताओं, दिव्यांगजनों, महिलाओं तथा पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को विशेष रूप से जागरूक किया जाए। प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे और आगामी चुनावों में अधिक से अधिक लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी गुन्नौर अवधेश कुमार सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अभियान की प्रगति से अवगत कराया और बताया कि अभियान के दौरान मतदाताओं की सहभागिता लगातार बढ़ रही है। प्रशासन द्वारा चलाया गया यह विशेष अभियान मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध बनाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अभियान के सफल संचालन से आगामी चुनावों में पारदर्शिता और निष्पक्षता को और अधिक बल मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!