ग्राम चौपाल में गूंजा ग्रामीणों का दर्द, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव ने सुनीं जनसमस्याएं
दियौरा खास व विचैटा काजी में आयोजित समस्या निराकरण कार्यक्रम में 55 शिकायतें दर्ज, योजनाओं के त्वरित निस्तारण के सख्त निर्देश

जनपद संभल। के विकासखण्ड बनियाखेड़ा अंतर्गत ग्राम दियौरा खास एवं विचैटा काजी में आज माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव जी की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल एवं समस्या निराकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण जनता की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना रहा।

खबर विस्तार:
ग्राम चौपाल कार्यक्रम के दौरान ग्राम दियौरा खास में कुल 30 तथा ग्राम विचैटा काजी में 25 जनसमस्याएं दर्ज की गईं। इन शिकायतों में वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं एवं अन्य विभागीय योजनाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से शामिल रहीं। माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव जी ने चौपाल में मौजूद ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपने संबोधन में डॉ. अनामिका यादव ने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता गांव, गरीब, किसान, महिला, वृद्ध एवं दिव्यांगों तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुँचाना है। ग्राम चौपाल जैसे कार्यक्रम प्रशासन और जनता के बीच मजबूत सेतु बनते हैं, जिससे गांव स्तर पर ही समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पाता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्राप्त प्रकरणों का तत्काल परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण किया जाए तथा की गई कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट जिला पंचायत कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए, जिससे निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

ग्रामीणों में दिखा उत्साह
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने ग्राम चौपाल के माध्यम से अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुँचने पर संतोष व्यक्त किया और इस पहल की सराहना की। यह आयोजन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के संकल्प एवं मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के सुशासन की भावना के अनुरूप ग्रामीण विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
ब्यूरो रिपोर्ट: कपिल वार्ष्णेय
AV LIVE TV – दम है सच दिखाने का



