
घने कोहरे में सड़क हादसा, बाइक सवार की मौत ग्रामीणों में आक्रोश
सम्भल रजपुरा। गवां–बबराला रोड पर डीएसएम शुगर मिल के पास गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में ग्राम डोहरी निवासी रमेश (22) पुत्र सत्यराम की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, घने कोहरे के बीच सड़क पर खड़ी गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली बाइक सवार को दिखाई नहीं दी और वह सीधे उससे जा टकराया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के विवरण के अनुसार, रमेश रात करीब तीन बजे खेत की रखवाली कर बाइक से घर लौट रहा था, तभी डीएसएम शुगर मिल के समीप खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि रमेश की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर लापरवाही से खड़ी थी। ट्रॉली पर न तो कोई रिफ्लेक्टर, चेतावनी संकेत या लाइट लगी थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के बाद मिल के किसी कर्मचारी द्वारा ट्रॉली को सड़क से हटाया गया। जानकारी के अनुसार, मृतक रमेश तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह 12वीं पास कर आगे पढ़ाई की तैयारी कर रहा था और परिवार की जिम्मेदारियों में सहयोग करता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में मातम का माहौल है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि शुगर मिल क्षेत्र में अक्सर गन्ने से भरी ट्रॉलियां सड़क किनारे खड़ी रहती हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।




